डिब्रूगढ़ जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण लौटी गुवाहाटी, पांच घंटे की देरी से पहुंची यात्रीगण

गुवाहाटी, 21 अक्टूबर। गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को सोमवार को तकनीकी खराबी के चलते बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। पायलटों ने लैंडिंग से ठीक पहले विमान में तकनीकी गड़बड़ी का पता लगाया, जिसके बाद फ्लाइट को तुरंत गुवाहाटी हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।

यह उड़ान IX-1186 (बोइंग 737 मैक्स 8) दोपहर 12:20 बजे गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई थी और 1:25 बजे डिब्रूगढ़ पहुंचने का निर्धारित समय था। लेकिन जैसे ही विमान डिब्रूगढ़ के पास पहुंचा, विंग से जुड़ी एवीओनिक्स प्रणाली में समस्या आने पर पायलटों ने लैंडिंग रोक दी और सुरक्षा के मद्देनजर विमान को गुवाहाटी लौटाने का फैसला किया।

विमान सुरक्षित रूप से गुवाहाटी लौटा, जहां एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंजीनियरिंग टीम ने विमान की विस्तृत जांच की। तकनीकी खराबी की पहचान कर उसे दूर करने के बाद विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति दी गई।

डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे के निदेशक स्वपन सरकार ने बताया –

“तकनीकी समस्या के कारण विमान को एहतियात के तौर पर गुवाहाटी लौटाया गया। इंजीनियरिंग टीम ने पूरी जांच कर खराबी दूर की, उसके बाद फ्लाइट को
फिर से रवाना किया गया। IX-1186 फ्लाइट ने शाम 6:20 बजे डिब्रूगढ़ में सुरक्षित लैंडिंग की।”

उन्होंने कहा कि यह निर्णय मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लिया गया था। इस घटना के चलते यात्रियों को लगभग पांच घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा –

“हमारी एक उड़ान को तकनीकी कारणों से गुवाहाटी लौटना पड़ा। यात्रियों को इस दौरान रिफ्रेशमेंट और वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई। देरी के लिए हमें खेद है।”

विमान के सभी यात्री सुरक्षित हैं और तकनीकी समस्या का समाधान होने के बाद उड़ान सामान्य रूप से संचालित की गई।

Leave a Comment