जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जल जीवन मिशन को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार ने बजट 2024-25 में 25 लाख जल कनेक्शन देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक केवल 9 लाख 44 हजार कनेक्शन ही दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2022-23 में 13 लाख 88 हजार और 2023-24 में 12 लाख 17 हजार कनेक्शन लगाए थे।
वहीं, भाजपा सरकार ने 2025-26 के लिए 20 लाख नए कनेक्शन देने की घोषणा की, लेकिन 6 महीने बीतने के बाद केवल 97 हजार कनेक्शन ही जारी हुए हैं।
गहलोत ने कहा कि इस औसत से इस वित्तीय वर्ष में मुश्किल से 2 लाख कनेक्शन ही पूरे होंगे।
उन्होंने इसे “भाजपा सरकार का झूठा प्रचार” करार देते हुए कहा कि “जलदाय विभाग के कई अधिकारी लंबे समय से APO किए गए हैं, जिससे कामकाज पर असर पड़ा है।”
गहलोत ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या कारण है कि भाजपा सरकार जल जीवन मिशन को ठीक से लागू नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए क्योंकि यह जनता से जुड़ा मुद्दा है।