Dhanteras Diwali 2025 Date: इस साल कब है धनतेरस और दिवाली? जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और क्या खरीदना रहेगा शुभ

जयपुर। त्योहारों का मौसम दस्तक दे चुका है और बाजारों में रौनक देखने लायक है। धनतेरस और दीपावली 2025 की तैयारियों के बीच सोने-चांदी, बर्तनों और देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की खरीदारी जोरों पर है। इस साल धनतेरस 18 अक्टूबर (शनिवार) को, छोटी दिवाली 19 अक्टूबर (रविवार) को और दीपावली 20 अक्टूबर (सोमवार) को मनाई जाएगी।

खरीदारी का शुभ समय 18 अक्टूबर दोपहर 01:32 बजे से पूरी रात तक अत्यंत मंगलकारी रहेगा। त्रयोदशी तिथि का प्रारंभ दोपहर 01:32 बजे से होगा। पंडितों के अनुसार इस दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा का विशेष महत्व है।

इस बार बाजारों में भगवान गणेश की झूलती प्रतिमाएं और कमल पर विराजमान लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र हैं। जयपुर और मुरादाबाद से मंगाई गई झूले वाली प्रतिमाओं की कीमत ₹3000 से ₹3500 तक है, जिनकी बुकिंग पहले से शुरू हो चुकी है।

वहीं बीकानेर के कारोबारी जितेंद्र सिंघल के अनुसार लक्ष्मी, गणेश और सरस्वती की संयुक्त प्रतिमाएं भी खूब बिक रही हैं। इनकी कीमत ₹1100 से ₹6100 तक है। यह परंपरा इस मान्यता पर आधारित है कि धन, बुद्धि और ज्ञान का संग ही जीवन में स्थायी समृद्धि लाता है।

धनतेरस पर इन वस्तुओं की खरीद शुभ मानी जाती है
कछुआ श्रीयंत्र, कुबेर प्रतिमा, नंदी और गाय-बछड़ा की मूर्तियाँ। इनमें से कछुआ श्रीयंत्र स्थिरता का प्रतीक है और कुबेर जी धन के देवता माने जाते हैं। कछुआ श्रीयंत्र की कीमत ₹700 से ₹1250, जबकि कुबेर प्रतिमाएं ₹500 से ₹5000 तक उपलब्ध हैं।

इस साल दिवाली के मौके पर गणेश-लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 05:57 से 07:11 बजे तक रहेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार शुक्रवार के दिन चंद्र दर्शन और लक्ष्मी पूजन का योग अत्यंत फलदायी रहेगा, जिससे घर में सुख-समृद्धि और धन की वर्षा होती है।

Leave a Comment