जयपुर, 4 नवंबर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और हाल ही में विश्व कप विजेता बनी हरमनप्रीत कौर की वैक्स प्रतिमा जल्द ही जयपुर के नाहरगढ़ किले स्थित जयपुर वैक्स म्यूजियम में सजी दिखाई देगी। यह प्रतिमा भारत की ऐतिहासिक महिला विश्व कप जीत को समर्पित होगी और इसका अनावरण 8 मार्च 2026 – अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर किया जाएगा।
🏆 “मोम में ढलेगा भारतीय महिला क्रिकेट का गौरव”
म्यूजियम के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि हरमनप्रीत कौर की प्रतिमा केवल एक क्रिकेटर का सम्मान नहीं,
बल्कि महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने कहा,
“हमारा उद्देश्य केवल सेलिब्रिटीज़ नहीं, बल्कि प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को प्रदर्शित करना है। हरमनप्रीत कौर लाखों युवाओं के लिए दृढ़ता और आत्मविश्वास की मिसाल हैं।”
जयपुर वैक्स म्यूजियम में पहले से ही एम.एस. धोनी, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसी हस्तियों की प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं। हरमनप्रीत की प्रतिमा के साथ अब दो विश्व कप विजेता कप्तान धोनी और हरमनप्रीत एक ही मंच पर दिखाई देंगे।
🎨 महिलाओं की प्रेरणा को सलाम
म्यूजियम पूर्व में भी कई प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मान दे चुका है, जिनमें कल्पना चावला, साइना नेहवाल, मदर टेरेसा, राजमाता गायत्री देवी और हाड़ी रानी जैसी विभूतियां शामिल हैं। हरमनप्रीत कौर की प्रतिमा इस परंपरा को आगे बढ़ाएगी और महिला उपलब्धियों का नया प्रतीक बनेगी।
🏰 नाहरगढ़ फोर्ट में बढ़ेगी शान
वर्तमान में जयपुर वैक्स म्यूजियम में लगभग 45 वैक्स प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं, जिनमें रॉयल फैमिली के सदस्य, राष्ट्रीय नायक और प्रेरणादायक शख्सियतें शामिल हैं। महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय, महारानी गायत्री देवी और ब्रिगेडियर महाराजा भवानी सिंह जी जैसी मूर्तियां रॉयल दरबार हॉल की शोभा बढ़ा रही हैं।
संग्रहालय का प्रसिद्ध शीश महल, जो 25 लाख कांच के टुकड़ों से सजा है, अब एक और ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा – जब महिला क्रिकेट की विश्व विजेता हरमनप्रीत कौर की प्रतिमा यहां स्थापित होगी।
