📰 बीकानेर में प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह की स्मृति में बनेगा म्यूजियम – केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दिए भूमि आवंटन के निर्देश

‘टूर दा थार’ साइक्लिंग इवेंट बनेगा ऐतिहासिक आयोजन, बीकानेर को मिलेगी नई अंतरराष्ट्रीय पहचान

बीकानेर, 1 नवम्बर। प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक स्व. जगजीत सिंह की स्मृति में अब बीकानेर शहर में म्यूजियम बनाया जाएगा। इस पहल की घोषणा केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने की है। शनिवार को उन्होंने जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि को म्यूजियम निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने बताया कि प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह का बीकानेर से गहरा संबंध रहा है। उनके बचपन के लगभग दस वर्ष बीकानेर में ही गुज़रे थे। उनके पिता सरदार अमर सिंह धीमान, तात्कालिक महाराजा गंगासिंह के शासनकाल में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में ओवैशियर के पद पर कार्यरत थे। इस कारण जगजीत सिंह की प्रारंभिक शिक्षा भी बीकानेर में हुई।

श्री मेघवाल ने कहा कि जगजीत सिंह ने अपने संगीत और ग़ज़लों के माध्यम से देश और दुनिया में बीकानेर एवं श्रीगंगानगर का नाम रोशन किया। उन्होंने भारतीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। इसी योगदान को स्मरणीय बनाने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने के उद्देश्य से बीकानेर में उनकी स्मृति में म्यूजियम स्थापित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह म्यूजियम जगजीत सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व से संबंधित जानकारी, स्मृतियाँ, दुर्लभ तस्वीरें, रिकॉर्डिंग्स और उनके जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों का संग्रहालय होगा। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय बीकानेर की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करेगा।

इस दौरान श्री मेघवाल ने म्यूजियम के लिए भूमि आवंटन संबंधी निर्देश जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) की अध्यक्ष श्रीमती नम्रता वृष्णि को दिए और कहा कि इसे शीघ्रता से पूरा करने की योजना बनाई जाए।

🚴‍♂️ ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा ‘टूर दा थार’

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 23 नवंबर को होने वाले अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग इवेंट ‘टूर दा थार’ की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि बीकानेर में यह कार्यक्रम विश्व स्तर का आयोजन होगा, जो खेल और पर्यटन दोनों दृष्टिकोण से प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण होगा।

श्री मेघवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत नौरंगदेसर से होगी। यह वही स्थान है, जहां वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अगवानी बीकानेर के सौ से अधिक साइकिल धावकों ने की थी।

उन्होंने बताया कि ‘टूर दा थार’ कार्यक्रम बीकानेर को अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। इस आयोजन में भारत के साथ-साथ अन्य देशों के भी साइकिल धावक भागीदारी निभाएंगे।

श्री मेघवाल ने इस अवसर पर टूर के प्रस्तावित मार्ग का अवलोकन कर सड़क दुरुस्तीकरण और संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन की सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा कर इसे सुरक्षित और भव्य बनाने पर बल दिया।

🏆 बीकानेर के लिए गर्व का क्षण

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह दोनों परियोजनाएं – ‘जगजीत सिंह म्यूजियम’ और ‘टूर दा थार’ – बीकानेर की पहचान को नई ऊंचाई देंगी।
एक ओर जहां म्यूजियम बीकानेर की संस्कृति और संगीत विरासत को सहेजेगा, वहीं दूसरी ओर साइक्लिंग इवेंट खेल और पर्यटन को बढ़ावा देगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के दृष्टिकोण के अनुरूप, बीकानेर भी सांस्कृतिक, खेल और पर्यटन केंद्र के रूप में नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Comment