श्रीगंगानगर, 21 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, श्रीगंगानगर के जिला महामंत्री शरद अग्रवाल को बिहार की नवनिर्वाचित एनडीए सरकार के ऐतिहासिक शपथग्रहण समारोह में ‘अति विशिष्ट अतिथि’ के रूप में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ। यह समारोह बिहार के राज्यपाल के विशेष आमंत्रण पर आयोजित हुआ, जहां श्री अग्रवाल को सरकारी अतिथि का दर्जा देते हुए बिहार राजभवन में ठहरने की व्यवस्था की गई।
राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान से की विशेष मुलाकात
राजभवन प्रवास के दौरान शरद अग्रवाल ने बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान से औपचारिक शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके अतिरिक्त, श्री अग्रवाल ने राजभवन में लोकप्रिय लोकगायिका व नव निर्वाचित विधायक मैथिली ठाकुर से भी सौजन्य भेंट की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
“एनडीए की जीत बिहार के विकास का नया अध्याय” — शरद अग्रवाल
एनडीए सरकार के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शरद अग्रवाल ने कहा कि यह परिणाम बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए बड़ा कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि—
“यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा शीर्ष नेतृत्व, एनडीए के सभी सहयोगी दलों और प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है।”
“भाजपा ही वह पार्टी है जहाँ हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है”
शरद अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जमीनी स्तर के कार्यकर्ता को भी राजभवन में ‘अति विशिष्ट सम्मान’ दिला सकती है। यह सम्मान पार्टी की संस्कार-समृद्ध कार्यशैली और श्रम के प्रति सम्मान को दर्शाता है।













