Event Managers Day 2026: जयपुर। विश्वभर के इवेंट प्रोफेशनल्स को समर्पित इवेंट मैनेजर्स डे इस वर्ष 31 मई को दुनिया के 80 देशों और अनगिनत शहरों में उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस वैश्विक पहल के तहत राजस्थान की राजधानी जयपुर में आमेर रोड स्थित होटल इंडियाना पैलेस में मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों, आयोजकों और प्रोफेशनल्स ने भाग लिया।
इवेंट मैनेजर्स डे के ग्लोबल कन्वीनर अरशद हुसैन ने बताया कि इस वर्ष समारोह की थीम “Global Peace Through Events” रखी गई, जिसका उद्देश्य आयोजनों के माध्यम से वैश्विक शांति, संवाद और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान आतिशी नजारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्य आयोजन किया गया, जिसमें एंटरटेनमेंट और प्रोफेशनल नेटवर्किंग का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह का प्रमुख आकर्षण इवेंट इंडस्ट्री के समर्पण, मेहनत और रचनात्मकता को सम्मान देने के उद्देश्य से तैयार किया गया “Event Managers Anthem” रहा, जिसे इस अवसर पर औपचारिक रूप से जारी किया गया। यह एंथम दुनिया भर के इवेंट मैनेजर्स और प्रोफेशनल्स के योगदान को समर्पित है।
उल्लेखनीय है कि इवेंट मैनेजर्स डे की शुरुआत वर्ष 2013 में जयपुर से हुई थी, जो आज एक वैश्विक अभियान का रूप ले चुकी है और दुनिया के दर्जनों देशों में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान “लेट्स टॉक इवेंट्स” विषय पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें इवेंट इंडस्ट्री की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस संवाद में प्रीतेश शर्मा, गुंजन सिंघल, अजीत सिंह, एस.के. रॉय, सुमन रैना और हितेंद्र शर्मा ने अपने विचार साझा किए।
वक्ताओं ने कहा कि आज इवेंट्स केवल समारोहों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज को जोड़ने, संवाद बढ़ाने और सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। इवेंट इंडस्ट्री वैश्विक स्तर पर विभिन्न संस्कृतियों, समुदायों और विचारों को जोड़ने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर फोरम के पूर्व अध्यक्ष मोहित महेश्वरी, महावीर शर्मा, हरप्रीत बग्गा तथा जनरल सेक्रेटरी भुवनेश अग्रवाल (चावल वाला) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इवेंट मैनेजर्स डे इवेंट प्रोफेशनल्स के समर्पण और योगदान को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है, जो इस उद्योग को नई पहचान और वैश्विक मान्यता प्रदान कर रहा है।











