Rahul Banerjee Death:ओडिशा में शूटिंग के दौरान समुद्र में गिरने से बंगाली एक्टर राहुल बनर्जी का निधन हो गया। वे 43 साल के थे। एक्टर के निधन की खबर ने फैंस को झकझोर दिया।
शूटिंग के दौरान समुद्र में गिरने से हुआ हादसा
फिल्म की शूटिंग के दौरान राहुल बनर्जी समुद्र में गिर गए, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और पास के अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीघा पुलिस के एसपी बालासोर ने बताया कि अभिनेता का शव फिलहाल दीघा मेडिकल सेंटर में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
फैंस और इंडस्ट्री में शोक की लहर
अभिनेता राहुल बनर्जी के अचानक निधन से उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह खबर बेहद चौंकाने वाली है और विश्वास करना मुश्किल है कि इंडस्ट्री का एक लोकप्रिय चेहरा अब हमारे बीच नहीं रहा।
अभिनेता राहुल बनर्जी ने पॉडकास्ट और टीवी में बनाई खास पहचान
राहुल बनर्जी को उनके लोकप्रिय पॉडकास्ट ‘सहज कथा’ के लिए भी जाना जाता था। इसके अलावा उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में अपनी दमदार अभिनय क्षमता से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इस घटना से पहले सिंगर जुबीन गर्ग की भी पानी से जुड़े हादसे में मौत की खबर सामने आई थी। ऐसे मामलों ने एक बार फिर शूटिंग और समुद्री गतिविधियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।













