Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में शीतलहर के चलते मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है। 26–27 जनवरी से राज्य में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। वहीं, प्रदेशभर में जारी शीतलहर के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, कोटा, श्रीगंगानगर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर जैसे जिलों में शीतलहर का प्रभाव सबसे अधिक देखा जा रहा है। ठंडी हवाओं और कम तापमान के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
⛈️ 26–27 जनवरी को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 26 और 27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 26 जनवरी को दोपहर बाद राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 26 जनवरी की सुबह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना जताई गई है।
🌩️ 27 जनवरी को रहेगा सबसे ज्यादा असर
27 जनवरी को तंत्र का सर्वाधिक असर देखने को मिलेगा। इस दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है।
इसके साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि और 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
🌡️ शीतलहर से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2–4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते 27 जनवरी से शीतलहर से राहत मिलने की संभावना है।
🚜 आमजन और फसलों पर असर
कोटा के अनिल कुमार शर्मा बताते हैं कि पिछले दो दिनों से चल रही शीतलहर के कारण आमजन के साथ-साथ पशुओं को भी भारी परेशानी हो रही है। वहीं फसलों को शीतलहर से बचाने के लिए कृषि विभाग ने एडवाइजरी जारी की है, ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।











