जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में समदड़ी-लूनी रेलखंड पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के चलते 7 एवं 8 जून को कई रेल सेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांचने की अपील की है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि समदड़ी-लूनी रेल मार्ग पर दूदिया-दुंदाड़ा स्टेशनों के मध्य समपार फाटक संख्या 231, 227 एवं 226 पर रोड अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। इस कारण कुछ ट्रेनें पूर्ण रूप से रद्द, कुछ आंशिक रूप से रद्द तथा कुछ परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी।
पूरी तरह रद्द रहेंगी ये रेलसेवाएं
रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर डेमू 7 जून को पूर्ण रूप से रद्द रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 74840 बाड़मेर-भगत की कोठी डेमू 8 जून को रद्द रहेगी।
आंशिक रूप से रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
ट्रेन संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी एक्सप्रेस 7 जून को समदड़ी और भगत की कोठी के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर एक्सप्रेस 7 जून को भगत की कोठी और समदड़ी के बीच संचालित नहीं होगी।
जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी
ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 जून को लूनी-मारवाड़ जंक्शन-महेसाणा मार्ग से संचालित की जाएगी। यह ट्रेन पाली, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, सुमेरपुर, पिंडवाड़ा, आबू रोड, पालनपुर, सिद्धपुर और उंझा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इसके चलते ट्रेन दुंदाड़ा, समदड़ी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, भीनमाल, रानीवाड़ा, धानेरा, भीलड़ी तथा पाटन स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस 7 जून को महेसाणा-मारवाड़ जंक्शन-लूनी मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन उंझा, सिद्धपुर, पालनपुर, आबू रोड, पिंडवाड़ा, सुमेरपुर, फालना, रानी, मारवाड़ जंक्शन और पाली स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस कारण ट्रेन पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर तथा समदड़ी स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस देरी से पहुंचेगी
रेलवे के अनुसार 6 जून को ऋषिकेश से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस बीकानेर-लूनी रेलखंड के बीच लगभग 135 मिनट की देरी से संचालित होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा एनटीईएस एप के माध्यम से ट्रेनों की अद्यतन जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है।











