बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर हेमासर फांटे के पास सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे कार और डंपर में आमने सामने हुई भिड़ंत में पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक डंपर ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। सभी मृतक हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रहने वाले थे और मुकाम धाम से दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे।

हादसे में क्षतिग्रस्त कार
पुलिस के अनुसार ट्रक और कार में हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, डंपर श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर की ओर जा रहा था, जबकि कार सामने से हरियाणा की दिशा में जा रही थी। दोनों वाहनों की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद एपीजे अब्दुल कलाम एंबुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व पुलिस की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
श्रीडूंगरगढ़ के सीओ निकेत पारीक ने बताया कि हरियाणा नंबर की कार में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में ओमप्रकाश (50) पुत्र भागीरथ बिश्नोई, उनकी पत्नी सोरमा देवी (45), उनकी तीन वर्षीय बेटी प्रमिला (3), रोनित (4) पुत्र सुरेंद्र कुमार, यश्वी (10) पुत्री अमित तथा खुशी (6) पुत्री संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में तन्वी (2) पुत्री संदीप गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले श्रीडूंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां बालिका का उपचार जारी है।

दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्रीडूंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पारीक ने बताया कि पूरा परिवार मुकाम धाम से दर्शन कर लौट रहा था। मुकाम, बिश्नोई समाज के संस्थापक गुरु जांभेश्वर (जंभेश्वर) महाराज की समाधि स्थल के रूप में प्रसिद्ध है और समुदाय के लिए अत्यंत श्रद्धा का केंद्र माना जाता है। मुकाम में दर्शन के बाद परिवार हरियाणा लौट रहा था।
रिटायरमेंट के बाद निकले धार्मिक यात्रा पर
सीआई कश्यप सिंह ने बताया कि इस हादसे में सवार ओमप्रकाश विश्नोई हाल ही में 30 मई को हरियाणा के फतेहाबाद में डीडीपीओ कार्यालय से सीनियर अकाउंटेंट पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे अपने परिवार के साथ मुकाम धाम में दर्शन कर वापिस आ रहे थे तभी श्रीडूंगरगढ़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।










