बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत मजबूत प्रदर्शन के साथ की है। मंडल की आय में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मई 2026 तक मंडल की कुल आय 239.85 करोड़ रुपये पहुंच गई है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9.12 प्रतिशत अधिक है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बिक्री से मई 2026 तक 110.37 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में यह आय 93.20 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार टिकट आय में 18.42 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मंडल को अन्य कोचिंग मद से भी अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई माह तक इस मद से 14.57 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई है। वहीं मालभाड़ा परिवहन से मई माह तक 101.15 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो मंडल की आय में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
अन्य विविध स्रोतों से होने वाली आय में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई 2026 तक इस मद से 13.76 करोड़ रुपये की आय हुई है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 7.23 करोड़ रुपये था। इस प्रकार इस श्रेणी में 90.32 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की गई है।
मंडल की कुल आय पर नजर डालें तो वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई माह तक कुल राजस्व 239.85 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में इसी अवधि तक यह 219.80 करोड़ रुपये था। इस प्रकार कुल आय में 9.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
यात्रियों की संख्या में भी सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली है। मई 2026 तक बीकानेर रेल मंडल पर 82.49 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 77.03 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 7.09 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में भी मंडल का प्रदर्शन बेहतर रहा है। मई 2026 के दौरान सवारी गाड़ियों की समयपालनता 95.17 प्रतिशत दर्ज की गई, जो यात्रियों को बेहतर और विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बीकानेर रेल मंडल भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार, समयपालनता में सुधार तथा राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।













