जयपुर। राजस्थान में बेहतन सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने की दिशा में जयपुर ट्रैफिक पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। आईआईएफएल फाउंडेशन ने जयपुर ट्रैफिक पुलिस को कुल 100 आधुनिक बैरिकेड उपलब्ध कराए हैं, जिनमें 10 बैरिकेड सौर ऊर्जा से संचालित हैं। ये राजस्थान के पहले ऐसे बैरिकेड हैं, जिनमें एलईडी डिस्प्ले, हाई-विजिबिलिटी फ्लैश लाइट्स और रिफ्लेक्टिव सेफ्टी फीचर्स लगाए गए हैं।
अजमेरी गेट स्थित यादगार परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आईआईएफएल फाउंडेशन की डायरेक्टर मधु जैन ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात पश्चिम) समीर दुबे, यातायात पुलिस उत्तर के हरिप्रसाद सोमानी तथा यातायात पुलिस दक्षिण की रानू शर्मा को ये स्मार्ट बैरिकेड सौंपे।
इन अत्याधुनिक बैरिकेड के माध्यम से रात के समय सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश जैसे हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, गति सीमा का पालन करें तथा यातायात नियमों का सम्मान करें लगातार एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किए जा सकेंगे। इससे वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि इन स्मार्ट बैरिकेड का निर्माण तुषार भार्गव और उमंग भार्गव की कंपनी पैन इंडिया सॉल्यूशन ने किया है।
इस अवसर पर आईआईएफएल फाउंडेशन की डायरेक्टर मधु जैन ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों में सुरक्षित और जिम्मेदार सड़क व्यवहार की भावना विकसित करना भी है।
उन्होंने कहा कि ये बैरिकेड केवल लोहे की संरचना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के सशक्त प्रहरी हैं। ये ट्रैफिक पुलिस को यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी सहायता प्रदान करेंगे। विशेष रूप से रात के समय इनकी हाई-विजिबिलिटी फ्लैश लाइट्स और एलईडी डिस्प्ले सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
मधु जैन ने कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी हर मौसम और हर परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को केवल पुलिस की जिम्मेदारी न मानें, बल्कि स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें तथा सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं।











