जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा (Pachpadra Refinery) में बनने वाली रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे, जिसकी जानकारी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की।
श्री शर्मा ने लिखा कि यह रिफाइनरी मारवाड़ सहित पूरे राजस्थान के आर्थिक कायाकल्प और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने वाली ‘भाग्यरेखा’ सिद्ध होगी। राजस्थान की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।
मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राजस्थान के विकास को नई दिशा देगा।
उन्होंने लिखा कि यह रिफाइनरी मारवाड़ सहित पूरे राज्य के आर्थिक कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।
पचपदरा में रिफाइनरी से रोजगार और विकास की ‘भाग्यरेखा’
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस परियोजना को राजस्थान के लिए ‘भाग्यरेखा’ करार दिया है। उनके अनुसार, यह रिफाइनरी न केवल औद्योगिक विकास को गति देगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए द्वार भी खोलेगी।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और मारवाड़ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
पीएम के दौरे को लेकर तैयारियां तेज
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का स्वागत और अभिनंदन भी किया है।
दिल्ली दौरे में भी सक्रिय रहे मुख्यमंत्री
इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हाल ही में दिल्ली दौरे पर भी सक्रिय नजर आए।
उन्होंने 7 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इससे पहले भी 25 मार्च को मुख्यमंत्री दिल्ली गए थे, जहां विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई थी।











