जयपुर। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में दक्षिण-पूर्वी झारखंड और उत्तरी ओडिशा के आसपास बने अवदाब (Depression) के प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।
उदयपुर, कोटा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 जुलाई के बीच उदयपुर, कोटा संभाग तथा दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान स्थानीय स्तर पर जलभराव और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।
उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश का भी पूर्वानुमान है।
पश्चिमी राजस्थान में भी बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आगामी दिनों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 7 और 8 जुलाई को इन क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान : 10 जुलाई से राहत के संकेत
मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना है। हालांकि स्थानीय मौसम परिस्थितियों के अनुसार कुछ क्षेत्रों में सामान्य मानसूनी बारिश जारी रह सकती है।











