Rajasthan Weather Alert : जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार को राज्य के शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ आंधी (40-60 Kmph) व हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में कहीं प्रचंड गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं आंधी और बारिश से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
राजस्थान में फिलहाल गर्मी और आंधी-बारिश दोनों का असर देखने को मिल रहा है। बीते दिनों की तुलना में कई शहरों का तापमान 45 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार, 23 मई को प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आने के आसार हैं।
राजस्थान के इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से कई हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह राहत ज्यादा दिन तक नहीं टिकेगी। अगले 24 घंटे में तापमान दोबारा बढ़ने लगेगा। 24 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है और हीटवेव के साथ कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है।
Read Also : Croma Sale: Samsung, LG, Xiaomi समेत 55 इंच Smart TV पर भारी छूट, आधी कीमत में खरीदने का मौका
प्रदेश के इन 7 जिलों में लू का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने चित्तौड़गढ़, कोटा, प्रतापगढ़, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी और श्रीगंगानगर जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि हीटवेव के दौरान दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें। जरूरी काम होने पर चेहरे को सूती कपड़े से ढककर निकलें और साथ में पानी या अन्य पेय पदार्थ जरूर रखें।
आगामी 4-5 दिन राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने व तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही राज्य के पश्चिमी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव की चलने की प्रबल संभावना है।











