बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर प्रदेश की 183 विधानसभाओं में चलाया गया ग्राम रथ अभियान गांव-गांव तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान ने अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बीकानेर पंचायत समिति परिसर में आयोजित ग्राम रथ अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राजस्थान लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में राजस्थान की भूमिका भी अहम रहने वाली है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं और विकास यात्रा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अंतरराष्ट्रीय तनाव और ऊर्जा संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा वैकल्पिक आवागमन साधनों को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं और कई नागरिक स्वेच्छा से इस पहल से जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने रिडमलसर की ‘लखपति दीदी’ संतोष से संवाद भी किया। संतोष ने बताया कि वह करणी माता स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और समूह द्वारा सिलाई, बुनाई तथा पशुपालन जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री ने संबंधित समूहों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समारोह में ग्राम रथ अभियान से जुड़े लोक कलाकारों, वाहन चालकों और ऑपरेटरों का भी सम्मान किया गया।
खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि ग्राम रथ अभियान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की संकल्पना को साकार करने की दिशा में प्रभावी प्रयास है। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए किसानों, महिलाओं और युवाओं तक विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंची और 13 विभागों की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया गया।
भाजपा नेता श्याम पंचारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाया गया यह अभियान राजस्थान के विकास और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने वाला कदम है।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने बताया कि अभियान के तहत जिले की पांचों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों की सभी ग्राम पंचायतों में योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हाल ही में स्वरूपदेसर में आयोजित चौपाल के दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डाटा एंट्री सखी से संवाद भी किया था।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर निशांत जैन, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, तोलाराम कूकणा, दिलीप सिंह आडसर, प्रकाश मेघवाल, महावीर चारण, संतोषानंद महाराज, रामरतन सियाग, लक्ष्मणराम गुरिया, विकास अधिकारी साजिया तबस्सुम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूर्व प्रधान राजकुमार कसवां ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।












