“पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026”
बीकानेर। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में बढ़ती चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बीकानेर प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026” में सहभागिता की एवं यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका विषय पर उपस्थित कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचार सेवा, सुशासन और अंत्योदय का मार्ग प्रशस्त करते है। सरकार इसी पथ पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक न्याय और योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की प्रस्तावित बीकानेर यात्रा, सीमा सुरक्षा व्यवस्था, भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीमा चौकियों का निरीक्षण कर सकते हैं तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे पांच सीमावर्ती जिलों के जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी करेंगे।
25 मई को बीकानेर पहुंच सकते हैं अमित शाह
मेघवाल ने कहा, “गृह मंत्री अमित शाह का बीकानेर दौरा जल्द प्रस्तावित है। संभावना है कि वे 25 मई को बीकानेर में रात्रि विश्राम करेंगे और 26 मई को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।”
उन्होंने कहा कि इस दौरान सीमा सुरक्षा, सीमावर्ती जिलों की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और नागरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं का किया बचाव
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के प्रत्येक दौरे का उद्देश्य भारत के हितों को मजबूत करना होता है।
उन्होंने कहा, “जब भी प्रधानमंत्री किसी विदेशी दौरे पर जाते हैं, तो भारत के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। प्रधानमंत्री के सभी दौरे देशहित को ध्यान में रखकर किए जाते हैं।”
तेल आपूर्ति और भाजपा संगठन पर भी बोले मेघवाल
मेघवाल ने तेल आपूर्ति में आ रही बाधाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम कर रही है ताकि आम नागरिकों और अर्थव्यवस्था पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण भाजपा की कार्यप्रणाली का अहम हिस्सा है।
उन्होंने कहा, “यह भारतीय जनता पार्टी की परंपरा है कि नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाए और उन्हें विचारधारा व संगठन की नीतियों से अवगत कराया जाए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता कितना भी वरिष्ठ क्यों न हो, प्रशिक्षण शिविर में भाग लेना सभी के लिए अनिवार्य है।
नीट पेपर लीक मामले पर सरकार संवेदनशील
नीट परीक्षा पेपर लीक विवाद पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “जांच प्रक्रिया जारी है और सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से काम कर रही है। यदि कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।”
कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर
मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से गरीब, किसान, महिलाएं और युवाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने इन योजनाओं के स्थानीय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।












