जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के जयपुर, भरतपुर व बीकानेर सहित अन्य संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। विशेष रूप से दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक ऊपरी परिसंचरण तंत्र (Upper Air Cyclonic Circulation) सक्रिय है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर और कोटा से होकर गुजर रही है। राज्य के दक्षिणी हिस्सों के ऊपर पूर्व-पश्चिम शियर जोन (Shear Zone) भी सक्रिय है, जिससे बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
इन संभागों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि 23 जुलाई को कोटा, उदयपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग के कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर अतिभारी से अत्यंत भारी वर्षा भी दर्ज हो सकती है।
इसके अलावा जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
प्रदेश में जारी रहेगा बारिश का दौर
प्रदेश में 24 जुलाई को भी अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग में मध्यम से भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
25 जुलाई को दक्षिणी राजस्थान में बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में लोगों को नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों से भी मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।











