Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर परिसंचरण तंत्र के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमीयुक्त हवाओं के कारण प्रदेश में मौसम गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, आंधी और बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सीकर जिले के दांतारामगढ़ में सर्वाधिक 50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बीकानेर सहित इन संभागों में आज तेज बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 13 जून को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
राजस्थान में अगले 4 से 5 दिन मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। इस दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है तथा बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राजस्थान के इन जिलों को मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला है। तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई है, जिससे आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
विशेषज्ञों ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों में जाने से बचने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।












